टिहरी गढ़वाल , अक्तूबर 15 -- चंडीगढ़ से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जा रहा एक वाहन कार अनियंत्रित होकर टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र में गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने गुरुवार सुबह बताया कि आज चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर कार देवप्रयाग से लगभग 04 किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास प्रातः 05:40 बजे अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही देवप्रयाग पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बिना विलंब किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा एसडीआरएफ की मदद से खाई में गिरे वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित