चंडीगढ़ , अप्रैल 4 -- चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ के सेक्टर 56 स्थित 320 स्मॉल फ्लैट्स में बिछाई गई नई पानी की पाइपलाइन और वॉटर मीटर चैंबरों का उद्घाटन किया। इस परियोजना के लिए सांसद निधि से 13 लाख 63 हजार रुपये की राशि जारी की गई थी, जिससे इलाके में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने का प्रयास किया गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के पार्षद मनव्वर और चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए अपनी खुशी जाहिर की।
इस मौके पर सांसद तिवारी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और नियमित जल आपूर्ति हर नागरिक का अधिकार है और उनकी प्राथमिकता लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित