चंडीगढ़ , जून 26 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर में हाल के दिनों में हुई फायरिंग और गैंगस्टर गतिविधियों के मद्देनज़र चंडीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार सुबह सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अभियान प्रकोष्ठ के इंस्पेक्टर जसपाल सिंह के नेतृत्व में करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान पूरे बस अड्डे को सुरक्षा घेरे में लेकर बसों, यात्रियों, दुकानदारों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गयी।
पुलिस ने बस स्टैंड के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर जवान तैनात किये हैं। हर आने-जाने वाली बस की तलाशी ली गयी। पुलिसकर्मियों ने बसों में चढ़कर यात्रियों के बैग, लगेज और सीटों के नीचे रखे सामान की जांच की, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु बसों के जरिए शहर में प्रवेश या बाहर न जा सके।
अभियान के दौरान वेटिंग एरिया, टिकट काउंटर, पार्किंग, शौचालय, फुटओवर ब्रिज और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की भी बारीकी से जांच की गयी। पुलिस ने दुकानदारों, बस चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटायी।
पुलिस के अनुसार हालिया जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी वारदात के बाद बसों के जरिए शहर से फरार हुए थे, जबकि कुछ बसों के माध्यम से चंडीगढ़ पहुंचे थे। इसी इनपुट के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया, ताकि अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगायी जा सके तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित