चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- चंडीगढ़ और मोहाली में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। चंडीगढ़ में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश और गरज के साथ बौछारें हो सकती हैं।
बारिश के बीच पंजाब के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मानसून सीजन में अब तक पंजाब में सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
आईएमडी के अनुसार, गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होशियारपुर में सबसे अधिक 18 मिमी बारिश हुई। फतेहगढ़ साहिब में 11 मिमी, चंडीगढ़ में 10.7 मिमी, लुधियाना में 11.5 मिमी, भाखड़ा डैम क्षेत्र में 5 मिमी और पटियाला में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित