चंडीगढ़ , जुलाई 05 -- चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। राहत एवं बचाव कार्य करीब साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और चंडीगढ़ प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

मृतकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी तरुण जैन (45) और तरुण कौशिश (48) के रूप में हुई है। वहीं कुलदीप सिंह, कुलबीर सिंह, उमेश, राहुल और अजीत को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने बताया कि रविवार को एस्टेट ऑफिस और सीएफएसएल की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए शहर की जर्जर और असुरक्षित इमारतों का सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित