चंडीगढ़ , मार्च 21 -- केंद्रीय शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आगामी ''समाधान शिविर'' के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
यह शिविर 23 मार्च को हल्लोमाजरा क्षेत्र में दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को बताया गया कि इस अवसर पर चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और मौके पर ही नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश देंगे।
उपायुक्त ने इस पहल को नागरिक-केन्द्रित बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को शिविर के सुचारू संचालन के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
हल्लोमाजरा और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से अपील की गई है कि वे नगर निगम या प्रशासन से जुड़ी अपनी शिकायतें 22 मार्च सुबह 10 बजे से लगाए जाने वाले प्री-कैंप में दर्ज करवाएं, ताकि शिविर के दौरान उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।
आम जनता की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर पेयजल और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस विभाग को ट्रैफिक नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह शिविर जन समस्याओं के त्वरित समाधान में प्रभावी साबित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित