चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- चंडीगढ़ में बीते दिन 'वारिस पंजाब दे' के प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने और कानून-व्यवस्था भंग करने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को लेकर सेक्टर-49 थाना में एफआईआर नंबर 43 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

चंडीगढ़ पुलिस की एसपी कंवरदीप कौर ने पहले ही स्पष्ट किया था कि प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज और वीडियोग्राफी की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने और हंगामा करने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित