चंडीगढ़ , जून 05 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत दो महिलाओं को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सेक्टर-56 निवासी 54 वर्षीय गीता को 11.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले करीब 13 दिन पहले सेक्टर-38ए निवासी 60 वर्षीय गीता को 14.5 ग्राम हेरोइन सहित पकड़ा गया था। दोनों मामलों में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सब-इंस्पेक्टर आशा की टीम ने की।

दोनों महिलाओं से पूछताछ के आधार पर उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन क्षेत्रों में नशे की आपूर्ति करती थीं, उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और हेरोइन का स्रोत क्या था। जांच के तहत दोनों के मोबाइल फोन का डेटा भी खंगाला जा रहा है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अधिक उम्र होने के कारण आमतौर पर लोगों को उन पर शक नहीं होता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों महिलाओं के बीच कोई संबंध था या वे अलग-अलग नेटवर्क के लिए काम कर रही थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित