चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के उपेक्षित पड़े वार्ड नंबर 24 में अब विकास कार्यों को गति देते हुए सेक्टर-36 के पार्कों के चारों ओर जर्जर पेवर ब्लॉक्स की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है।
लंबे समय से उपेक्षित इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने इसे शुरू करवाया, जिससे सेक्टर-36 ए, बी, सी और डी के हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने पार्षद का आभार जताते हुए कहा कि वार्ड में विकास कार्यों की रफ्तार हाल के समय में काफी तेज हुई है।
एसडीओ साहिल के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और ठेकेदार कोचार माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। योजना के तहत 14 पार्कों के चारों ओर टूटी पेवर ब्लॉक्स, किनारों और आसपास के हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्य में 70:30 अनुपात में नयीऔर पुरानी सामग्री का उपयोग होगा।
रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी सेक्टर-36 बी के प्रधान परमजीत सिंह ने बताया कि पार्कों के आसपास आखिरी बार करीब 20 वर्ष पहले मरम्मत हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान पार्षद के कार्यकाल में सड़क, पार्क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित