चंडीगढ़ , जुलाई 14 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-52 निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत को लेकर विवाद गहरा गया है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फुटेज में दो युवक मूसलाधार बारिश के बीच शव को साइकिल पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस जहां प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे मादक पदार्थ के ओवरडोज से हुई मौत मान रही है, वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मृतक की पहचान दीपक (31) के रूप में हुई है। उसके भाई राहुल ने पुलिस को सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए बताया कि उसमें दो युवक दीपक के शव को साइकिल पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ दूरी पर शव को सड़क किनारे फेंककर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। राहुल ने दावा किया कि यही लोग दीपक की मौत के लिए जिम्मेदार हैं लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दीपक के पिता रमेश ने पुलिस की ओवरडोज संबंधी आशंका को खारिज करते हुए कहा कि आठ जुलाई की रात दीपक यह कहकर घर से निकला था कि वह पांच मिनट में लौट कर आर रहा है लेकिन वापस नहीं आया। अगले दिन परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मृतक के पिता का आरोप है कि शव मिलने के कई घंटे बाद पुलिस ने परिवार को इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ओवरडोज की बात कर रही है तो इसके ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करे। उनका दावा है कि दीपक के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित