चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के लिए आज नामांकन प्रक्रिया होगी। नामांकन का समय सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक तय किया गया है।
हालांकि अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। नामांकन के लिए केवल एक ही दिन निर्धारित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा को चुनौती देने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच एक बार फिर तालमेल हो सकता है। हाल ही में आप ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साथ मुस्कुराते हुए हाथ मिलाते फोटो पोस्ट कर राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े किए थे।
आप को मेयर चुनाव के दौरान पार्षदों की संभावित दलबदली की आशंका है। इसी कारण पार्टी ने अपने सभी 11 पार्षदों को रोपड़ के एक होटल में ठहराया है और उनके मोबाइल फोन बंद करवा दिए गए हैं। आज दोपहर केवल उन्हीं पार्षदों को चंडीगढ़ लाया जाएगा, जिनकी ओर से नामांकन या प्रस्ताव पेश किया जाना है। चुनाव संपन्न होने तक पार्षदों को शहर से बाहर रखने की रणनीति बनाई गई है।
वहीं, कांग्रेस की ओर से भी आप के साथ तालमेल की उम्मीद जताई जा रही है। इस संबंध में चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की लगातार पार्षदों के साथ बैठकें कर रहे हैं। एच.एस. लक्की ने स्पष्ट किया है कि आप से औपचारिक गठबंधन नहीं, बल्कि केवल आपसी समझ होगी। प्रस्तावित समझ के तहत मेयर पद आप के खाते में जाएगा, जबकि वरिष्ठ उप मेयर और उप मेयर के पद कांग्रेस को मिलेंगे।
इस बार पहली बार मेयर का चुनाव हाथ खड़े करके किया जाएगा। अब तक मतदान सीक्रेट बैलेट के जरिए होता रहा है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हाथ खड़े कराकर मतदान सदन में खुले तौर पर होगा या बंद कमरे में।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित