चंडीगढ़ , जनवरी 24 -- हरियाणा एवं पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर-27 में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेयर के आवास के समीप स्थित पार्क में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव पार्क में बने शेड के नीचे पड़ा मिला।
इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक रात के समय पार्क में सोया हुआ था। सुबह जब वहां टहलने आए लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे बेसुध देखकर पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस स्थानीय निवासियों से भी जानकारी ले रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके और यह पता चल सके कि वह पार्क में कैसे और कब आया था। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की गतिविधियों और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित