चंडीगढ़ , मई 19 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में ऑपरेशन सेल के साथ यहां सेक्टर-43 बस स्टैंड के सामने कल देर रात एक मुठभेड़ में एक गिरोह के तीन के सदस्य घायल हो गये।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किये गये तीनों बदमाश बंबीहा गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन सेल की टीम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान एक पुलिसकर्मी पर भी गोली चलायी गयी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गयी। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आसपास की घेराबंदी की गयी।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों की आपूर्ति और संभावित साजिश को लेकर गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित