चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- चंडीगढ़ में हल्लोमाजरा से ट्रिब्यून चौक की ओर जाने वाले रेलवे अंडरपास के ऊपर से गुजर रही मालगाड़ी का एक दरवाजा अचानक नीचे से जा रही कार पर गिर जाने से कार सवार 25 वर्षीय युवती घायल हो गई। उसे उपचार के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में कुल चार लोग सवार थे। कार हल्लोमाजरा से ट्रिब्यून चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे अंडरपास के ऊपर से मालगाड़ी गुजर रही थी। अचानक मालगाड़ी का एक दरवाजा टूटकर कार पर गिर गया। इससे कार को नुकसान पहुंचा और उसमें सवार एक युवती घायल हो गई।

गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और अन्य लोग सुरक्षित रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित