चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो गया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, कुल 5,16,427 पंजीकृत मतदाताओं में से 3,80,147 मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं 69,484 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा कर दिए हैं लेकिन उनका मैपिंग कार्य अभी लंबित है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 66,681 मतदाताओं ने निर्धारित समय सीमा तक अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किए। ऐसे मतदाताओं के नाम 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे और उन्हें मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। एसआईआर के दौरान 3,521 मतदाताओं के निधन की पुष्टि हुई, जबकि 43,878 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित पाए गए। इसके अलावा 12,886 मतदाता अनुपस्थित मिले, जिनके एन्यूमरेशन फॉर्म निर्वाचन विभाग को प्राप्त नहीं हुए।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नियमानुसार दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर भी उपलब्ध रहेगा, जिसके आधार पर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित