चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- चंडीगढ़ पुलिस ने बिल्डर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिल्डर पर गोली चलाने की साजिश रची थी। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने संभावित वारदात को रोकने का दावा किया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई सेक्टर-19 थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के निवासी अरणदीप सिंह (30) और बंटी उर्फ बंटी अटवाल उर्फ सनी (20) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के आधार पर एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, धमकी भरे कॉल करने में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है।

जांच में आरोपियों के तार पंजाब के तरनतारन और अमृतसर से जुड़े होने की आशंका के चलते पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित