चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में एक व्यक्ति नगर निगम का इंस्पेक्टर बनकर फर्जी वेंडर लाइसेंस तैयार करके इसके नाम पर हजारों रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है।

मामले का खुलासा टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत मिलते ही नगर निगम आयुक्त ने कंवरदीप कौर को फोन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपाधीक्षक साउथ वेस्ट धीरज कुमार को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी। थाना-39 के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

शिकायत दर्ज हुए हालांकि चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य मुकेश गिरी और नवनीत चावला ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।

शिकायतकर्ताओं ने आरोपी का फर्जी आईकार्ड, जिस पर उसकी फोटो भी लगी है, और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंप दिये हैं। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से वेंडरों में रोष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित