चंडीगढ़ , मई 19 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने कहा है कि सेक्टर 43 बस स्टैंड के पीछे मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश गैंगस्टर डोनी बल और मोहब्बत रंधावा के लिए काम करते थे।

ऑपरेशन सेल की पुलिस अधीक्षक गीतांजलि खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सोमवार देर रात सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से जिगाना और ग्लॉक पिस्टल बरामद की गयीं।

उन्होंने बताया कि सेल को गैंगस्टरों की गतिविधियों से संबंधित खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके कारण पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। ऑपरेशन के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। सुश्री खंडेलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गैंगस्टर डोनी बल और मोहब्बत रंधावा के लिए काम करते थे।

पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क, हथियार आपूर्ति तथा अन्य मामलों में संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।

सुश्री खंडेलवाल ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है तथा शहर में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित