चंडीगढ़ , सितंबर 25 -- चंडीगढ़ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पंजाब कांग्रेस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में सेक्टर-17 स्थित आरबीआई कार्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला गया। मार्च शुरू होते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया।
बैरिकेडिंग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें भी कीं। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट शामिल नहीं हुए। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी प्रदर्शन से गैरहाजिर रहे। मार्च से पहले राजा वडिंग ने चुनाव प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित