चंडीगढ़ , जून 21 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित नीट परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा तथा अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया गया। सुरक्षा जांच के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह के साथ-साथ हल्का तनाव भी देखने को मिला। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने पहली बार नीट परीक्षा दी है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं अभिभावकों ने कहा कि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होनी चाहिए तथा किसी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के बाहर आने का इंतजार करते नजर आए। प्रशासन की ओर से याताया व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति पैदा नहीं हुई।

पूरे परीक्षा केंद्र क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नीट परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित