चंडीगढ़ , जून 25 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में आयोजित केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो' के नारे लगाये और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर अपना विरोध जताया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गयी। यूथ कांग्रेस ने पहले ही विरोध प्रदर्शन का एलान किया था और कार्यकर्ताओं को सेक्टर-19 में एकत्र होने के लिए कहा गया था, जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

श्री प्रधान टैगोर थिएटर में उस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जो 25 जून 1975 को लगाये गये आपातकाल के विरोध में आयोजित किया गया था। भाजपा की ओर से देशभर में आपातकाल की वर्षगांठ पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

यूथ कांग्रेस ने हाल ही में हुई नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया और जवाबदेही तय करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित