चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- चंडीगढ़ सेक्टर-22 स्थित व्यस्त शास्त्री मार्केट में दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें करीब एक दर्जन युवक एक व्यक्ति के साथ बीच सड़क मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी आदित्य शर्मा का कुछ लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने पहले उसकी कार को रोका, फिर जबरन बाहर निकालकर लात-घूंसों, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

करीब 1 मिनट 22 सेकंड के वायरल वीडियो में एक सफेद थार और एक काले रंग की कार सड़क पर खड़ी दिखाई देती हैं। कुछ ही देर में कई युवक कारोबारी को घेर लेते हैं। बचने के लिए भागने की कोशिश करने पर हमलावर उसका पीछा कर उसे सड़क पर गिरा देते हैं और फिर मारपीट शुरू कर देते हैं। वीडियो में कई हमलावरों के हाथों में लोहे की रॉड भी दिखाई दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित