चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- चंडीगढ़ शहर में एक टैक्सी ड्राइवर की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह सेक्टर-38 की सड़क के पास 31 वर्षीय विजय कुमार का शव बरामद हुआ। उसके शरीर पर चाकू से किए गए वार के निशान मिले हैं। सूचना मिलने के बाद मलोया थाना पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी कुराली, मोहाली के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। विजय किराए पर टैक्सी चलाता था। जिस टैक्सी को वह चलाता था, वह गांव लोहा निवासी प्रदीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार विजय टैक्सी किराए पर लेकर चलाता था और इसके लिए रोजाना करीब 700 रुपये देता था।

पुलिस के मुताबिक विजय शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे खरड़ से टैक्सी लेकर निकला था। इसके बाद वह कहां गया और उसके साथ कौन था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। शुक्रवार रात करीब 12:20 बजे सेक्टर-56 से एक टैक्सी बरामद हुई। टैक्सी सड़क किनारे खड़ी मिली, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति नहीं था। पुलिस ने टैक्सी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

विजय के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह उसका शव सेक्टर-38 के पास मिला। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस टैक्सी, सीसीटीवी फुटेज और मृतक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित