चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की चार सबसे व्यस्त जगहों पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अंडरपास बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। फ्लाईओवर निर्माण में आ रही तकनीकी अड़चनों को देखते हुए इन स्थानों पर अंडरपास के जरिए यातायात को सुचारू करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए चारों स्थानों का टोपोग्राफिकल सर्वे और डिजिटल मैपिंग कराई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वे का जिम्मा एक एजेंसी को दिया जा रहा है, जिसे एक महीने में रिपोर्ट सौंपनी होगी। इसके लिए एजेंसी को करीब 10 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। सर्वे के आधार पर यह तय किया जाएगा कि चारों स्थानों पर अंडरपास का निर्माण किस जगह और किस तरीके से व्यावहारिक रहेगा।
सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद इंजीनियरिंग विभाग अंडरपास की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और डिजाइन तैयार करेगा। इसके बाद कंसल्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही इंजीनियरिंग विभाग की ओर से चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन विभाग से मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद अर्बन प्लानिंग विभाग से भी अप्रूवल लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित