चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- चंडीगढ़ की मुख्य चुनाव अधिकारी प्रेरणा पुरी ने मंगलवार को बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर पांच लाख 16 हजार 427 मतदाताओं तक पहुंच बनाई और उन्हें संबंधित पत्र वितरित किए।
प्रेरणा पुरी के अनुसार इनमें से करीब चार लाख 50 हजार लोगों ने अपने फॉर्म जमा करवाए। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान एक लाख 38 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए जिनकी सुनवाई भी की गई। सुनवाई के बाद 5,190 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए।
उन्होंने बताया कि नई मतदाता सूची में 9,927 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है। फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के माध्यम से पात्र लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। इसके बाद नई सूची में कुल चार लाख 60 हजार 209 मतदाता दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है और इसकी प्रति राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान करीब 56 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित