चंडीगढ़ , जून 29 -- चंडीगढ़ प्रशासन में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति ने पंजाब कैडर के 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हरप्रीत सिंह सूदन की चंडीगढ़ प्रशासन में सचिव पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति इंटर-कैडर डेपुटेशन के तहत तीन वर्षों के लिए की गई है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, श्री सूदन पंजाब सरकार से डेपुटेशन पर चंडीगढ़ प्रशासन में अपनी सेवाएं देंगे। वर्तमान में वह पंजाब सरकार में खेल निदेशक (डायरेक्टर स्पोर्ट्स) के पद पर कार्यरत हैं।

यह नियुक्ति केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर कैबिनेट नियुक्ति समिति की स्वीकृति के बाद की गई है। आदेश की सूचना पंजाब सरकार, गृह मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

प्रशासनिक और खेल प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले श्री सूदन की नियुक्ति को चंडीगढ़ प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके कार्यभार संभालने के बाद विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और लंबित विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।

सूत्रों के अनुसार, श्री सूदन जल्द ही चंडीगढ़ पहुंचकर सचिव के रूप में अपना कार्यभार संभाल सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित