चंडीगढ़ , मार्च 31 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ अगले महीने अपने प्रशासन में पंजाब सिविल सेवा पीसीएस के दो अधिकारियों की नियुक्ति करेगा। इनमें रोपड़ में एडीसी (अर्बन डेवलपमेंट) के पद पर कार्यरत अविकेश गुप्ता और बलवीर राज सिंह शामिल हैं। दोनों अधिकारी 2014 बैच से संबंधित हैं और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक ने दोनों अधिकारियों के नामों को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पंजाब सरकार को पत्र लिखकर इन्हें जल्द रिलीव करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि वे समय पर अपनी नयी जिम्मेदारियां संभाल सकें।

जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार ने केंद्र को चार भारतीय प्रशासनिक अधिकारी और छह प्रांतीय सिविल सेवा के अधिकारियों का पैनल भेजा था। फरवरी में भेजे गये इस पैनल के आधार पर इन दोनों अधिकारियों का चयन किया गया है। अधिकारियों में अमित तलवार का नाम भी शामिल था, जो पहले चंडीगढ़ में डेप्यूटेशन पर रह चुके हैं और मोहाली के डिप्टी कमिश्नर भी रह चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित