चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- चंडीगढ़ कांग्रेस ने दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद पार्टी ने चुनाव प्रचार, घोषणापत्र, अनुशासन और चुनाव प्रबंधन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की को अभियान समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान समिति में पार्टी के सभी 10 पार्षदों, पांच जिला कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के प्रमुखों तथा एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभागों के अध्यक्षों सहित अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा घोषणा पत्र समिति , अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति और चुनाव प्रबंधन समिति भी बनाई गई हैं।
पार्टी ने चुनावी तैयारियों के तहत सभी 35 वार्डों में पहले ही प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इसके साथ ही 12 स्थानीय समितियां गठित की गई हैं, जो संभावित उम्मीदवारों की पहचान और शॉर्टलिस्टिंग का काम कर रही हैं।
कांग्रेस का फोकस वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने, स्थानीय समस्याओं की पहचान करने और जनहित के मुद्दों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करने पर है। नई कमेटियों के गठन से चुनाव प्रचार और प्रबंधन में समन्वय स्थापित करने की योजना है।
दिसंबर में प्रस्तावित चुनाव से पहले कांग्रेस का यह कदम पार्टी की चुनावी रणनीति को व्यवस्थित करने और वार्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित