चंडीगढ़/ कैथल , मार्च 19 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के चर्चित चरणप्रीत हत्याकांड मामले में पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने इस मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान (निवासी फिरोजपुर) और प्रीतम शाह (निवासी नवांशहर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजन उर्फ पीयूष पहलवान कुछ समय पहले मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुआ था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें बाद में काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार भी बरामद किये हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित