चंडीगढ़ , मई 22 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित मेट्रो स्पोर्ट्स दुकान में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की नकदी और चोरी का सामान बरामद किया है।
गौरतलब है कि आरोपियों ने दुकान का ताला और अंदर के ड्रॉवर तोड़कर कैश और दो मोबाइल फोन चोरी किए थे। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हाउस ट्रेसपासिंग और चोरी की धाराओं में जांच शुरू की थी।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर रामरतन सेक्टर 26 प्रभारी और इंस्पेक्टर चिरंजी लाल, जिला अपराध सेल के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर दुकान के पूर्व कर्मचारी हैप्पी उर्फ बुरसेवक को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी विशाल और सोनू के साथ चिट्टा/स्मैक का सेवन करता था। उसने दोनों साथियों को दुकान में रखी नकदी की जानकारी दी थी। वारदात वाली रात विशाल और सोनू पहले सेक्टर-47 से एक मोटरसाइकिल चोरी कर लाए और फिर दुकान पहुंचकर कटर से मुख्य ताला तोड़ा। इसके बाद स्क्रूड्राइवर की मदद से दो ड्रॉवर तोड़कर नकदी चोरी कर ली।
शिकायतकर्ता ने करीब 35 लाख रुपये चोरी होने की बात कही थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। अब तक पुलिस ने आरोपी विशाल से चार लाख रुपये और सोनू से 7.96 लाख रुपये बरामद किए हैं। चोरी हुए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदे गए मोबाइल, जूते और कपड़े भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बुरसेवक का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, हालांकि वर्ष 2023 में दुकान में हुए कुछ घटनाक्रमों के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। सोनू का भी कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया, जबकि विशाल के खिलाफ पहले चोरी का एक मामला दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित