चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 106 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। समारोह में चंडीगढ़ के अलावा पंजाब और हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
पुतले का सिर सभी दिशाओं में घूमता था। रावण दहन के साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने शिरकत की। उन्होंने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नवरात्र में अष्टमी और नवमी की पूजा तथा व्रत के बाद होने वाला रावण दहन लोगों को अपने भीतर के अहंकार को समाप्त करने और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कटारिया ने नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इस बुराई को जल्द से जल्द खत्म करना जरूरी है। नशामुक्ति अभियान उनका संकल्प है और इसे किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर अभियान में भाग लेने की अपील की, ताकि नशे की आपूर्ति और लत से जुड़ी कड़ी को तोड़ा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित