चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और इस मौके पर कहा कि चंडीगढ़ का विकास केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधुनिक तकनीक, मजबूत परिवहन व्यवस्था और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर लगातार निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगा।
उन्होंने घोषणा की कि चंडीगढ़ में नये एमबीबीएस कॉलेज को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही यहां पढ़ाई शुरू होगी। इससे मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र को अधिक डॉक्टर मिल सकेंगे। चंडीगढ़ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। इसी कड़ी में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-46 में नये छात्रावासों का उद्घाटन किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और डीपफेक जैसी उभरती तकनीकों में भारत को वैश्विक नेतृत्व दिलाने में चंडीगढ़ के युवा और शिक्षकों की अहम भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि आईटी सिटी-ग्रीनफील्ड रोड परियोजना से मोहाली और खरड़ में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, जबकि अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे क्षेत्रीय संपर्क को और मजबूत करेगा। उन्होंने जींद से शुरू हुई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भविष्य की स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित