चंडीगढ़ , फरवरी 24 -- पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने चंडीगढ़ के डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा को कोर्ट परिसर के बाहर लगे भारी ट्रैफिक जाम के मामले में तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह जब उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश अदालत की ओर जा रहे थे, उस समय कोर्ट परिसर के बाहर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस या ट्रैफिक पुलिस का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।

बताया जा रहा है कि जाम काफी देर तक लगा रहा। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, न्यायाधीश के सुरक्षा अधिकारियों (पीएएसओ) ने स्वयं हस्तक्षेप कर रास्ता खाली करवाया। हरियाणा विधानसभा सत्र के चलते विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के कारण पहले सड़क पर और बाद में विधानसभा परिसर के अंदर विरोध प्रदर्शन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हाई कोर्ट में इसे तुरंत उठाया गया, जिसके बाद डीजीपी को तलब किया गया। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर डीजीपी को फटकार लगाई गई और निर्देश दिए गए कि विशेषकर वीवीआईपी क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए खासकर हाई कोर्ट आने-जाने वाले मार्ग पर किसी भी प्रकार का जाम नहीं लगना चाहिए।

गौरतलब है कि हाल ही में पदभार संभालने के बाद डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा ने चंडीगढ़ के ट्रैफिक कांस्टेबलों को निर्देश दिए थे कि वे सड़क किनारे वाहनों का चालान न करें क्योंकि रिश्वतखोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित