चंडीगढ़ , अप्रैल 06 -- पंजाब एवं हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सेक्टर 41, 32, 47 और 45 स्थित स्कूलों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी स्कूलों के बाहर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। मौके पर बम निरोधक दस्ते और खोजी स्वान स्क्वॉड को तैनात किया गया है, जो हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। साथ ही, धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है।
फिलहाल सभी स्कूलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित