चंडीगढ़ , मई 31 -- चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने चंडीगढ़ के गांवों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने खेती योग्य जमीनों की सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) से संबंधित मामलों, पेयजल संकट, रेड लाइन के बाहर बने मकानों को जल कनेक्शन देने तथा सभी गांवों को नहरी पानी से जोड़ने की मांग उठाई।

पार्षद धर्मिंदर सिंह सैनी ने गांव दरिया की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि गांव की काफी भूमि रेलवे स्टेशन परियोजना और वन विभाग द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है। उन्होंने वन विभाग की उपलब्ध भूमि पर पार्क विकसित करने की मांग की। साथ ही नर्सरी टी-पॉइंट के पास निगम की खाली जमीन पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कम्युनिटी सेंटर बनाने का प्रस्ताव भी रखा।

प्रशासक श्री कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित