चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में पुलिस ने सेक्टर-40 के अलग-अलग ऑफिसों में हुई चोरी की तीन वारदातों को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरज उर्फ लड्डू (28), निवासी डबल स्टोरी, सेक्टर-1, नया नंगल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चेन समेत लैपटॉप, आईपैड, टैबलेट और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने सेक्टर-40 के अलग-अलग ऑफिसों को निशाना बनाया था। वह ताले तोड़कर इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और आभूषण चोरी करता था। उसकी गिरफ्तारी के साथ सेक्टर-39 थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है।

(टूर एंड ट्रैवल्स ऑफिस में चोरी) सेक्टर-40/सी में टूर एंड ट्रैवल्स ऑफिस चलाने वाली रविंदर कौर ने शिकायत दी थी कि 15 जून की रात करीब 8:30 बजे वह ऑफिस बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह ऑफिस का ताला टूटा मिला। जांच में डेल का लैपटॉप, मोबाइल, आईपैड और दो लेनोवो लैपटॉप चोरी पाए गए।

(केबल टीवी ऑफिस में वारदात) सेक्टर-40/डी के एससीओ में सिटी केबल टीवी ऑफिस संचालक संजीव कुमार ने बताया कि 11 जुलाई शाम करीब 5:30 बजे ऑफिस बंद किया था। अगले दिन दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचने पर ताले टूटे मिले। ऑफिस से नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी था। चाेराें ने आव्रजन कार्यालय को भी निशाना बनाया। सेक्टर-40/सी स्थित गोल्डन हिल्स आव्रजन कार्यालय में भी चोरी हुई। यहां से चार मोबाइल फोन, एक वीवो वाई-22 मोबाइल और एक टैबलेट चोरी किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित