चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- चंडीगढ़ शहर की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद के साथ आईटी पार्क और मौली जागरां में दो अत्याधुनिक पुलिस थानों का शिलान्यास किया।

ये पुलिस थाने शहर के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे शिलान्यास कार्यक्रम में गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ पुलिस महानिदेशक सागर प्रीत हूडा वित्त सचिव दिप्रवा लकड़ा पुलिस महानिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार सचिव इंजीनियरिंग प्रेरणा पुरी सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये परियोजनाएं फ्यूचर-रेडी चंडीगढ़ 2030 एंड बियॉन्ड की परिकल्पना के अनुरूप हैं और नागरिक-केंद्रित आधुनिक एवं उत्तरदायी पुलिसिंग को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास के लिए मजबूत पुलिस व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।

राज्यपाल ने नशा-दुरुपयोग को चंडीगढ़ और पंजाब के सामने गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ सख्त और नवाचारी कदम उठाने पर जोर दिया परियोजना के अनुसार आईटी पार्क पुलिस थाना 0.366 एकड़ भूमि पर लगभग 19,832 वर्ग फुट क्षेत्र में 9.81 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। वहीं मौली जागरां पुलिस थाना 0.789 एकड़ भूमि पर लगभग 41,227 वर्ग फुट क्षेत्र में 19.51 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा। मौली जागरां थाना 52 कमरों का होगा।

दोनों पुलिस थानों में महिला सहायता डेस्क पुरुष व महिला के लिए अलग बैरक व लॉक-अप पूछताछ कक्ष मालखाना शस्त्रागार कॉन्फ्रेंस हॉल कैंटीन पार्किंग तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधा-मुक्त पहुंच की सुविधा होगी। साथ ही इन्हें ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा जिसमें सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित