चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- चंडीगढ़ में बुधवार को करीब एक घंटे हुई बारिश ने सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद मार्केट के ग्राउंड फ्लोर की लगभग सभी दुकानों में पानी भर गया। दुकानदारों को दुकानों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुए।

दुकानदारों के मुताबिक, पिछले 26 वर्षों में उन्होंने मार्केट के ऐसे हालात कभी नहीं देखे। उनका आरोप है कि पिछले करीब पांच महीने से मार्केट की पार्किंग की स्थिति खराब है, जिसके कारण बारिश का पानी निकलने के बजाय दुकानों की ओर चला गया।

दुकानदारों ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे प्रॉपर्टी टैक्स सहित विभिन्न कर वसूले जाते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करायी जा रही हैं। उनका कहना था कि जलभराव के दौरान प्रशासन और नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा।

दुकानदारों ने सवाल उठाया कि यदि बारिश के दौरान कोई हादसा हो जाता या किसी की जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उन्होंने प्रशासन से पार्किंग क्षेत्र की सड़क और जल निकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित