श्रीगंगानगर , फरवरी 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बारात के लिये जा रही घोड़ा बग्गी गाड़ी से मोटर साइकिल के टकराने से एक युवक की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान प्रीतमसिंह के रूप हुई है। वह रात को मोटर साइकिल से पदमपुर से रायसिंहनगर आ रहा था, वहीं एक घोड़ा बग्गी एक शादी समारोह के लिए ले जायी जा रही थी। महाविद्यालय के समीप मोटर साइकिल घोड़ा बग्गी से टकरा गयी। इससे प्रीतम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही घायल प्रीतम सिंह को स्थानीय लोगों ने सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे के संबंध में शुक्रवार को प्रकरण दर्ज किया गया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित