बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में जिला परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाकर बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित की जा रही दो बसों को जब्त किया है।
जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में सोमवार को चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान कई व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसी क्रम में दो बसें परिवहन नियमों का उल्लंघन करती हुई पाई गईं।
परिवहन विभाग के अनुसार संबंधित बसों के पास वैध फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और बीमा दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है और बिना आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन कानून का उल्लंघन है।
जब्त की गई बसों को प्रकरण के निराकरण तक घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी परिसर में सुरक्षित रखा गया है। वाहन संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के प्रभावी पालन के लिए जिले में समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने वाहन मालिकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित