रायपुर , जुलाई 11 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महादेव सट्टा एप और अन्य कथित भ्रष्टाचार मामलों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आज आरोप लगाया है कि कांग्रेस घोटालों पर जवाब देने के बजाय आंदोलन कर आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रदेश में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुईं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदेश से बाहर चली गई, जिससे स्थानीय बाजारों में धन का प्रवाह प्रभावित हुआ।
श्री पाण्डेय ने कहा कि महादेव सट्टा एप, कथित शराब घोटाला तथा राइस मिलर्स से वसूली जैसे मामलों पर कांग्रेस स्पष्ट जवाब देने के बजाय केंद्रीय जांच एजेंसियों पर राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन मामलों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा महादेव सट्टा एप मामले में अब तक 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वर्तमान कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व आबकारी मंत्री तथा कई अन्य लोगों के नाम विभिन्न मामलों में सामने आए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित