शहडोल , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के जयसिंहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अनुबंध पर पदस्थ डॉक्टर महेश चंद्र शर्मा के तीन जुलाई को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। डॉक्टर के एक ही समय में मध्यप्रदेश के तीन जिलों में पदस्थ रहने के आरोपों के बीच अब उनकी डिग्री को लेकर भी शिकायत सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर महेश शर्मा के भतीजे, राजस्थान निवासी डॉ. महेश शर्मा ने जयसिंहनगर थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनके चाचा की डिग्री फर्जी है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल ने कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में यदि कोई अपराध या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित