पौड़ी , मई 20 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के समीप बुधवार को जंगल में लगी आग ने कुछ समय के लिए दहशत का माहौल पैदा कर दिया। आग तेजी से कॉलेज परिसर और बॉयज हॉस्टल की ओर बढ़ रही थी लेकिन अग्निशमन टीम और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज अग्निशमन स्टेशन पौड़ी को पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के नीचे जंगल में आग लग गयी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग झाड़ियों और जमनाखाल रोड के नीचे जंगल में तेजी से फैल चुकी थी तथा बॉयज हॉस्टल के समीप तक पहुंच गई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल हॉस्टल में रह रहे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद होजरील और अन्य अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग बड़े क्षेत्र में फैली होने के कारण कॉलेज परिसर में बने ओवरहेड टैंक से लगातार पानी भरकर पंपिंग की गई।

इसी दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और अग्निशमन टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से आग बुझाने में जुट गई। दोनों विभागों के बेहतर समन्वय, त्वरित सूझबूझ और अथक प्रयासों के चलते कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

समय रहते आग बुझा लिए जाने से कॉलेज परिसर, हॉस्टल और आसपास के क्षेत्र को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित