बैतूल , जून 24 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला क्षेत्र में घायल अवस्था में मिली एक अज्ञात महिला की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो सकी है। महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस उसकी शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला कुछ दिन पहले आमला क्षेत्र के पंखा के समीप सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। तब से महिला चिकित्सकीय निगरानी में है।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उसने साड़ी पहन रखी है तथा उसके दाहिने हाथ और पैर में चोट के निशान हैं। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है, लेकिन वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं है।

सूत्रों के अनुसार महिला फिलहाल केवल पानी मांग पा रही है और अपना नाम, पता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी दुर्घटना या गंभीर चोट के कारण उसकी स्मरण शक्ति प्रभावित हुई हो, जिससे वह अपनी व्यक्तिगत जानकारी बताने में असमर्थ है।

प्राथमिक तौर पर उसके हुलिए के आधार पर पारदी समुदाय से संबंधित होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जिला अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा उसके फोटो और हुलिए का विवरण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों तथा संबंधित पुलिस इकाइयों को भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि अब तक किसी व्यक्ति या परिवार ने महिला के संबंध में दावा नहीं किया है। लगातार प्रयासों के बावजूद उसकी पहचान सामने नहीं आ सकी है। वही जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या वह उसे पहचानता हो, तो तत्काल जिला अस्पताल पुलिस चौकी अथवा निकटतम थाने में सूचना दें, ताकि महिला की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित