मुरैना , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश के मुरैना में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाली निर्भया मोबाइल पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने सम्मानित किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निर्भया मोबाइल टीम शहर, विशेषकर कोचिंग क्षेत्रों में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान आज एम.एस. रोड स्थित जीवाजीगंज पुलिया के पास टीम को एक महिला सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्भया मोबाइल प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया ने तत्काल सरकारी वाहन रुकवाया और चालक राजकुमार तथा आरक्षक किशन कटारा की सहायता से घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बचाई जा सकी।

इस मानवीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक श्री मीना ने पुलिस उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया एवं उनकी टीम को प्रशस्ति-पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर आमजन की सहायता कर मानवता का परिचय देना भी है। उन्होंने कहा कि जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित