बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में एक युवक की सतर्कता से घायल बाज की जान बच गई। युवक ने सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले बाज का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे वन विभाग को सौंप दिया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। वन विभाग ने स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की बात कही है।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार दातोरा निवासी यश धोटे को रायआमला के पास मुख्य मार्ग पर एक बाज घायल अवस्था में मिला। बाज उड़ने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद यश ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर तत्काल मुलताई वन विभाग कार्यालय पहुंचाया।

अधिकारियों ने प्राथमिक परीक्षण में पाया कि बाज के एक पंख में गंभीर चोट है, जिसके कारण वह उड़ने में असमर्थ है। उसका प्राथमिक उपचार कर सुरक्षित निगरानी में रखा गया है तथा नियमित देखभाल की जा रही है।

वन विभाग ने बताया कि बाज के पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य रूप से उड़ने में सक्षम होने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। उपचार के दौरान उसके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने यश धोटे की संवेदनशीलता की सराहना की। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई घायल वन्यजीव या पक्षी दिखाई दे तो उसे स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक उपचार उपलब्ध करा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित