पौड़ी , मार्च 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी जनपद कोतवाली क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के पुणे शहर से सकुशल बरामद कर लिया है।

यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के सकुशल मिलने से परिजनों में खुशी का माहौल है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गत 19 फरवरी को पाबो निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पौड़ी में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी।

जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन स्माइल" अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर मामले को प्राथमिकता में लिया गया। प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी व मैनुअल स्तर पर जांच करते हुए स्थानीय सूचनाएं जुटाईं, संभावित स्थानों की तलाश की और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान महिला की लोकेशन महाराष्ट्र में मिलने पर उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला के नेतृत्व में टीम को रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर महिला को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि महिला पुणे में एक निजी कंपनी में कार्य कर रही थी। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित