देहरादून , जून 02 -- घरवालों से विवाद होने के बाद गुस्से में महाराष्ट्र से एक महिला घर छोड़कर देवभूमि उत्तराखंड के देहरादून पहुंच गयी। जब पुलिस ने महिला को परेशान हालत में घूमते देखा तो उससे पूछताछ करने पर असलियत सामने आई।

पुलिस ने मंगलवार को महिला को यहां पहुंचे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गत 31 मई की अपराह्न विकासनगर थाना पुलिस को स्थानीय बस स्टैंड क्षेत्र में एक महिला परेशान अवस्था में घूमती हुई दिखाई दी। महिला पुलिसकर्मी को उसने बताया कि वह महाराष्ट्र की रहने वाली है। किसी बात को लेकर परिजनों से हुए विवाद के कारण वो अपना घर छोड़कर यहां आ गयी। महिला से उसके परिजनों के बारे में जानकारी लेने के बाद उनसे सम्पर्क किया गया तो महिला के परिजनों द्वारा बताया गया कि महिला के नाराज होकर घर से चले जाने के उपरान्त परिजनों द्वारा उसे सभी सम्भावित स्थानों पर ढूंढा गया। कही न मिलने पर उन्होंने 17 मई को थाना वैजापुर नोका महाराष्ट्र में महिला की गुमशुदगी दर्ज करायी है तथा महाराष्ट्र पुलिस द्वारा भी लगातार महिला की तलाश की जा रही है। महिला को सुरक्षा की दृष्टि से महिला कर्मी की देखरेख में रखते हुए उसके परिजनों को कोतवाली विकासनगर बुलाया गया। जहां परिजनों के आने के उपरान्त महिला को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया है। महिला को सकुशल वापस पाकर महिला के परिजनों द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित