बैतूल , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मरामझिरी गांव में सोमवार सुबह 65 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव उनके घर में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मरामझिरी निवासी राजन धुर्वे (65) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह उनकी पत्नी कलीसिया धुर्वे ने उन्हें कमरे में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

मृतक के पुत्र शिव प्रसाद धुर्वे ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले उनके पिता एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ था, जिसके उपचार के दौरान शल्य चिकित्सा कर रॉड डाली गई थी। इसके बाद से वह लगातार पैर के दर्द और चलने-फिरने में होने वाली परेशानी से जूझ रहे थे।

पुलिस ने बताया कि मृत्यु के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित