अनंतपुर , अप्रैल 15 -- आंध्र प्रदेश में श्री सत्य साईं जिले के कुम्मरावंदलापल्ली गांव में बुधवार को एक घर में रखीं जिलेटिन की छड़ों में हुए जोरदार विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार एक मजदूर खनन गतिविधियों के लिए जिलेटिन की छड़ों की आपूर्ति करता था और उसने भारी मात्रा में ये विस्फोटक अपने घर में छिपाकर रखे थे। धमाका इतना शक्तिशाली था कि वह घर पूरी तरह जमींदोज हो गया और आसपास के पांच अन्य मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घर में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग और विस्फोट की तीव्रता और भी बढ़ गई।
उन्होंने बताया कि चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मोहरुन्निसा (40), पी. विश्वनाथ रेड्डी (45), मधुसूदन (36), असलम पाशा (33) और फखरुद्दीन (37) के रूप में हुई है। मलबे से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल हुए 21 लोगों में से 6 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अनंतपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित